Village pradhan’s hubby accused MP Hema Malini of publicly humiliating
आगरालीक्स …भाजपा सांसद हेमा मालिनी पर अभद्रता के आरोप लगाते हुए प्रधान पति ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर देने के बाद ही प्रधान पति की तबियत बिगड गई और अस्पताल में भर्ती करना पडा। हालांकि, सांसद हेमा मालिनी ने मीडिया को बताया कि आरोप गलत हैं।
शुक्रवार को सांसद हेमामालिनी मथुरा के नौहझील के कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। यहां उन्होंने प्राचीन बंशीवट में पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि पेड़ों को ऐसी नष्ट किया जाता रहा तो ब्रज का मूल स्वरूप ही खत्म हो जाएगा। सांसद ने गांव वालों को इस दिशा में जागरूक होने को कहा और ग्राम प्रधान के पति भगवान सिंह को भी उचित कदम उठाने को कहा। मांट मूला के प्रधान पति भगवान सिंह ने शनिवार को सांसद हेमामालिनी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए थाना मांट में तहरीर दी है। प्रधान पति का कहना है कि शुक्रवार को सांसद ने गांव के लोगों के सामने उनसे अभद्र व्यवहार किया। विरोध स्वरूप प्रधान पक्ष ने पुतला फूंका और नारेबाजी भी की। इस दौरान प्रधान पति सड़क पर गिर गए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
मामले में सांसद हेमामालिनी का कहना है कि पेड़ो के कटने से बंशीवट का प्राचीन स्वरूप खत्म हो जाएगा। उन्होंने किसी को डांटा नहीं, सिर्फ पेड़ों के कटने से खत्म हो रहे ब्रज के स्वरूप को लेकर चिंता जाहिर की थी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इससे सहमति जताई। उन्होंने कहा कि ब्रज के लोग की ब्रज संरक्षण की बात नहीं करेंगे तो ब्रज कैसे बचेगा। यह भूमि बहुमूल्य है। यहां के पेड़ भी बहुमूल्य हैं। उन्होंने पेड़ों के कटान को रोकने को लेकर डीएम से भी कहा है।
डीएम से विकास कार्यों पर की चर्चा
आदर्श गांव रावल का निरीक्षण करने के बाद शनिवार को पद्मश्री डा. निरुपम वाजपेयी के साथ सांसद हेमामालिनी डीएम कैंप कार्यालय पहुंची। उन्होंने डीएम के समक्ष मांट के वंशीवट में वृक्षों के कटान का मामला रखा। सांसद हेमा मालिनी विकास कार्यों की पैरवी करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार से उनके कार्यालय में मिलीं। उन्होंने गांव रावल में कार्यों को जल्द से जल्द पूरे कराने का अनुरोध किया।
पेड़ों का कटान तत्काल रुकवाने के लिए कहा। उन्होंने गांव रावल मेें सड़क, कम्यूनिटी सेंटर सहित सभी विकास कार्यों को गति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने गांव में चकबंदी के बाद पैमायश के मुद्दे पर हो रहे विवादों को निपटाने की अपील भी की।