UPSSSC Amin paper out on whtas app in Agra
आगरालीक्स… आगरा में यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का व्हाटस एप पर पेपर लीक होने का मामला सामने आने से खलबली मची हुई है। एक अभ्यर्थी को पुलिस ने मोबाइल के साथ पकड लिया है और पूछताछ की जा रही है। अभ्यर्थी बागपत का है, इससे पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षा में बागपत के सॉल्वर पकडे जा चुके हैं।
रविवार को आगरा में यूपीएसएसएससी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 152 अमीन पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। सुबह ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में परीक्षा हो रही थी, नगर निगम इंटर कॉलेज के प्रिंसीपल अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि नकल करते हुए कुलदीप सिंह को पकडा है। वह बागपत का रहने वाला है, कुलदीप के बराबर में बैठी एक युवती ने नकल की जानकारी दी थी। तलाशी में एक पर्ची मिली। जिसमें सवालों के जवाब विकल्प क्रम से लिखे हुए थे। प्रिंट आउट व्हाट्स ग्रुप से लिया गया था।
व्हाटस एप पर बना था अमीन ग्रुप
पुलिस ने अभ्यर्थी का मोबाइल चेक किया, उसमें अमीन नाम से बने व्हाटस एप ग्रुप पर सॉल्व पेपर था, अमीन नाम से एक ग्रुप बना हुआ था। ग्रुप एडमिन कोई राजेंद्र था। ग्रुप में 13 सदस्य थे। सभी को प्रश्नपत्र का हल भेजा गया था। मतलब अन्य सभी भी कहीं न कहीं परीक्षा दे रहे होंगे। राजेंद्र कौन है। कहां का निवासी है। आरोपित ने इस संबंध में पुलिस को ज्यादा कुछ नहीं बताया। पुलिस यह मानकर चल रही है कि इस खेल के पीछे कोई नेटवर्क है। जांच के दौरान सभी नाम सामने आ जाएंगे। पुलिस ने व्हाट्स ग्रुप में जुड़े सभी सदस्यों के नंबर की डिटेल निकलवाई है। ताकि यह पता चल सके कि यह नंबर किसके हैं।
इससे पहले भी आगरा में हुए हैं पेपर लीक
इससे पहले भी आगरा में पेपर लीक हो चुके हैं, कानूनगो भर्ती के लिए 17 जुलाई को परीक्षा में भी ऐसा हुआ था। श्रीराम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रमाकांत मिश्रा ने सदर थाने में मुकदमा लिखाया था। टीकरी, दोघट बागपत निवासी संदीप जैन को जेल भेजा गया था। उसे भी व्हाट्स ग्रुप पर प्रश्नपत्र का हल मिला था। कुछ इसी अंदाज में अमीन भर्ती परीक्षा में हुआ है। पुलिस यह मानकर चल रही है कि पर्चा आउट कराने वाले गैंग के तार बागपत से जुड़े हुए हैं। उस समय संदीप जैन ने यह बताया था कि बढ़ौत के एक कोचिंग संचालक ने प्रश्नपत्र का हल भेजा था। दो लाख रुपये में उससे प्रश्नपत्र का सौदा हुआ था। इससे पहले रेलवे भर्ती में भी सॉल्वर गैंग का खुलासा हुआ था।