RSS Chief Mohan Bhagwat on 4-day visit to Agra
आगरालीक्स… आगरा में आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत आज आ जाएंगे, वे यहां 4 दिन रहेंगे, देखें कहां करेंगे प्रवास और क्या है कार्यक्रम।
बुधवार शाम को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत स्टेशन से सीधे बिचपुरी स्थित आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल ले जाया जाएगा। बिचपुरी कैंपस के जिस हिस्से में गर्ल्स हॉस्टल व टीचर्स के घर हैं, वहीं एक गेस्ट हाउस भी है। इसी गेस्ट हाउस के एक कक्ष में संघ प्रमुख ठहरेंगे।वे चार दिन इसी कमरे में रहेंगे।
सुनारी में मुख्य कार्यक्रम 24 फरवरी को होगा। हजारों की संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवक एक साथ कदमताल करते नजर आएंगे। कुल 80 बीघा से अधिक के क्षेत्र को आयोजन के लिए कवर किया गया है। दो मंच बनाए गए हैं। इनमें मुख्य मंच 20 फुट चौड़ा और 30 फुट लंबा होगा। इस मंच पर संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा प्रांत संघचालक डा. जगदीश वशिष्ठ और विभाग संघचालक हरीशंकर भी बैठेंगे। यह मंच 12 फुट ऊंचा होगा। इसके निकट ही करीब एक हजार फुट का दूसरा मंच होगा जो उतना ही ऊंचा होगा। इस पर करीब सौ संतों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इनमें आगरा के अलावा मथुरा-वृंदावन और बटेश्वर के संत शामिल हैं। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के पास चार खाली भूखंडों में आगरा विभाग के चारों जिलों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं।
आरएसएस प्रमुख से मिलेंगे सीएम योगी
24 फरवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा के बरसाने में फाग खेलने जाएंगे, इससे पहले वे आगरा में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भी मिलेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।