Neurosurgeon Dr. R C Mishra wife dies in Yamuna Expressway crash in Agra Region
आगरालीक्स …आगरा के न्यूरोसर्जन डॉ आरसी मिश्रा की पत्नी का यमुना एक्स्प्रेस वे पर भीषण सडक हादसे में निधन हो गया। उनके बेटे एम्स में न्यूरोसर्जन, पुत्रवधु और दो नाती आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती हैं। हादसे की जानकारी होते ही काफी संख्या में शहर के चिकित्सक रेनबो हॉस्पिटल पहुंच गए। हादसे से परिजन सदमें में हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा के न्यूरोसर्जन डॉ आरसी मिश्रा के बेटे डॉ शाश्वत मिश्रा एम्स, दिल्ली में न्यूरोसर्जरी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। अपनी पत्नी डॉ दीपिका मिश्रा और दो बेटों के साथ दिल्ली में रहते हैं। दीपावली पर उनकी मां दिल्ली आई थी, शनिवार को डॉ शाश्वत मिश्रा कोरोला कार डीएल 3 सीसीके 4696 से दिल्ली से आगरा के लिए निकले थे। गाडी में उनके साथ उनकी मां गीता मिश्रा, पत्नी डॉ दीपिका मिश्रा और उनके दोनो बेटे थे। शाम साढ़े छह बजे थाना बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 139 के समीप अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर कार अंडरपास पुलिया में घुस गई। भीषण हादसे से चीख पुकार मच गई, स्थानीय लोग और यमुना एक्सप्रेस वे के स्टाफ ने
गाडी से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में गीता मिश्रा की मौत हो गई, गाडी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं अन्य लोगों को भी चोट आई।
रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती
हादसे की जानकारी होते ही डॉ शाश्वत मिश्रा, उनकी पत्नी और बेटों को आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में लेकर डॉक्टर पहुंचे। यहां उन्हें भर्ती किया गया है, हादसे के बाद से हॉस्पिटल में डॉक्टरों की भीड लग गई। चिकित्सकों का कहना है कि डॉ आरसी मिश्रा के बेटे डॉ शाश्वत मिश्रा और उनके परिजनों की हालत में सुधार है, डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है। डॉ शाश्वत मिश्रा की पत्नी डॉ दीपिका और उनके एक बेटे के चोट बताई जा रही है, देर रात तक हॉस्पिटल के बाहर भीड जुटी रही।
(इंटरनेट फोटो)