Keshav Prasad Maurya to head BJP in UP
आगरालीक्स ….एक छोटे से गांव और अखबार बेचकर संघर्ष के साथ करोडों की संपत्ति के मालिक बने केशव प्रसाद मौर्या भाजपा के यूपी में नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। वे लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह लेंगे। उन्हें उत्तर प्रदेश में पिछडी जाति की वोट बैंक के लिए भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, उनके दम पर भाजपा 2017 के विधान सभा चुनाव में जीत का गणित लगा रही है।
शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा की बैठक में चार प्रदेशों के अध्यक्ष के नामों की घोषणा की गई। इसमें यूपी से सांसद कैशव प्रसाद मौर्या, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा को कनार्टक, डॉ.के लक्ष्मण को तेलंगाना का, तापिर गाओ को अरूणाचल प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। मीडिया को उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। कैशव प्रसाद मौर्या को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से भाजपा का जनाधार उत्तर प्रदेश में और बढेगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुतमत से सरकार बनाने जा रही है।
यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या इलाहाबाद के (कौशांबी) के कसया गांव के रहने वाले हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान नामांकन के समय दिए हलफनामे के अनुसार, उनके पास पेट्रोल पंप, एग्रो ट्रेडिंग कंपनी, कामधेनु लाजिस्टिक हैं। इलाहाबाद के जीवन ज्योति अस्पताल में पति-पत्नी पार्टनर हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुरूआत में उन्होंने अखबार भी बेचे हैं। वे 18 साल तक गंगापार और यमुनापार में विहिप के प्रचारक रहे। 2002 में उन्होंने शहर पश्चिमी (कौशांबी) विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 2012 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से भारी मतों से जीते। दो साल तक विधायक रहे। 2014 में पहली बार फूलपुर सीट पर बीजेपी का झंडा फहराया।
केंद्रीय मंत्री कठेरिया के नाम की रही थी चर्चा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए आगरा के सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया के नाम की भी चर्चा रही थी। वे पिछडी जाति के होने के साथ आरएसएस से जुडे रहे हैं, कई बार उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं हुईं।