Agra News: Talented students honored at Dr. MPS World School…#agranews
History Sheeter opened fire at BJP supporter in Agra
आगरालीक्स …आगरा में फेसबुक कमेंट से बौखलाए हिस्ट्रीशीटर से भाजपा समर्थक के घर पर ताबडतोड फायरिंग की, हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। सीसीटीवी कैमरों में फायरिंग करते हुए हमलावरों की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। हिस्ट्रीशीटर सहित 10 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कारतूस के छह खोखे भी बरामद किए।
अग्रसेन पुरम, ट्रांस यमुना कालोनी निवासी वीरेंद्र सिंह चौहान भाजपा समर्थक हैं। बुधवार को उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट की थी। इसमें दूसरी पार्टी के समर्थकों के भाजपा नेताओं से नजदीकियां बढ़ाने पर कमेंट किया था। इस पोस्ट पर नगला रामबल के मोनू यादव ने आपत्ति जाहिर की। वह सपा का समर्थक बताया जाता है। वीरेंद्र का आरोप है कि रात को वह जिम आया था। तभी उसे मोनू और उसके साथियों ने पकड़ लिया, लोगों के आने पर मामला सुलझ गया।
12 राउंड किए फायर
गुरुवार दोपहर को मोनू यादव अपने भाई और 10-12 साथियों के साथ बाइकों पर आया। घर पर आते ही गालीगलौज शुरू कर दी। वीरेंद्र घर से बाहर निकले तो मारपीट कर दी। घर के अंदर मौजूद देवू सोलंकी ने बचाने का प्रयास किया तो उसको भी पीटा। वीरेंद्र का भाई अजेंद्र आया तो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। एक के बाद एक 12 राउंड फायर किए। दोनोें भाइयों ने जमीन पर लेटकर खुद को बचाया। गोलियों से घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। फायरिंग की आवाज सुनकर कालोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए। इस पर मोनू और उसके साथी हवाई फायर करके भाग गए। घटना से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर थाना एत्माद्दौला ने बताया कि मोनू यादव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसका नाम 41ए नंबर पर दर्ज है। मामले में मोनू यादव, सोनू, चीलू, शैलू यादव, मन्नू, दीपू सेंगर, गौरव, कौशल, कान्हा सहित 4-5 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला, सात सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।