Employee protest, Agra Univ. Closed
आगरालीक्स …डॉ भीमराव अंबेडकर विवि में घोटाले, फर्जीवाडे से छात्र परेशान हैं अब कर्मचारियों ने विवि को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इससे पहले कर्मचारियों ने कुलसचिव केएन सिंह का घेराव किया। कुलपति सचिवालय में जमकर प्रदर्शन किया और कुलपति को खरी खोटी सुनाई।
विवि में वर्ष 2001 से कार्यरत संविदा कर्मचारियेां को नियमित किया जाना है, इसके लिए शासनादेश भी आ चुका है। इसके बाद भी कर्मचारी स्थायी नहीं किए गए हैं। इसे लेकर संविदा कर्मचारी तीन दिन से कुलपति कार्यालय के बाहर भूख हडताल पर हैं, महिला कर्मचारी की तबीयत बिगडने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद भी कुलपति प्रो मोहम्मद मुजम्मिल ने कोई फैसला नहीं लिया है, यहां तक कि वे विवि में नहीं आ रहे हैं। इससे आक्रोशित कर्मचारी संघ अध्यक्ष अखिलेश चौधरी के नेत्रत्व में कर्मचारियों ने विवि को बंद करा दिया। कुलसचिव केएन सिंह के साथ नोकझोंक हुई। आक्रोशित कर्मचारियों ने संविदा कर्मचारियों को स्थायी न किए जाने तक विवि को न खुलने देने की चेतावनी दी है।
बाबा को सुनाई खरी खोटी
आक्रोशित कर्मचारियों ने विवि बंद कराने के साथ कुलपति को खरी खोटी सुनाई, वे कुलपति को बाबा कह कर संबोधित कर रहे थे, उन पर पैसे लेकर कॉलेजों को मान्यता देने के आरोप लगाए हैं।
मायूस होकर लौटे छात्र
विवि में आगरा के साथ ही आस पास के जिलों से हजारों छात्र मार्कशीट के लिए आते हैं, विवि बंद होने पर छात्रों को मायूस होकर लौटना पडा, कुछ छात्रों ने विरोध किया, लेकिन कर्मचारियों के सामने उनकी नहीं चल सकी।