Dr A K Gupta take charge of officiating principal of Agra College
आगरालीक्स …यह है सत्ता की हनक, सपा सरकार में आगरा कॉलेज के प्राचार्य नरेंद्र यादव बनाए गए थे, सत्ता बदलते ही रात में ही डॉ एके गुप्ता को कार्यवाहक प्राचार्य बनाए जाने के आदेश जारी कर दिए गए, अब आगरा कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष कमिश्नर द्वारा नरेंद्र सिंह को हटाते हुए डॉ एके गुप्ता को प्राचार्य का कार्यभार ग्रहण कराना है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 10 अगस्त को डॉ. मनोज रावत ने वरिष्ठ शिक्षक डॉ. एके गुप्ता को प्राचार्य का चार्ज सौंपा था। मगर, अगले ही दिन विवाद हो गया। मंडलायुक्त चंद्रकांत ने उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. टीवीएस यादव की रिपोर्ट के बाद आगरा कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विभाग के नरेंद्र सिंह को प्राचार्य बना दिया था। इस पर प्राचार्य पद के दावेदार डॉ. एके गुप्ता, डॉ. वीके माहेश्वरी और डॉ. रेखा पतसरिया ने सत्ता की हनक में गलत तरीके से प्राचार्य नियुक्त किए जाने के आरोप लगाए थे। मगर, उनकी शिकायत को अनसुना कर दिया गया।
इस मामले में आगरा कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक डीपी शर्मा की याचिका पर हाईकोर्ट ने कुलपति को प्राचार्य पद पर फैसला लेने के निर्देश दिए थे। कुलपति ने 17 मार्च को कार्यवाहक प्राचार्य नरेंद्र सिंह का पक्ष सुना। इसके बाद आगरा कॉलेज के रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एके गुप्ता को कार्यवाहक प्राचार्य बनाने की संस्तुति की है। इसमें कॉलेज द्वारा निर्धारित की गई उनकी वरिष्ठता, शैक्षिक दस्तावेज और एपीआइ स्कोर को देखने के बाद निर्णय लिया है। सोमवार रात को ही याचिकाकर्ता डीपी शर्मा, डॉ. एके गुप्ता सहित आगरा कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष और मंडलायुक्त चंद्रकांत को इस निर्णय से संबंधित पत्र भेज दिए।