CDO employee found dead in house in Agra
आगरालीक्स.. आगरा की पॉश कॉलोनी स्थित घर में सीडीओकर्मी का शव मिला है, शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ था, पुलिस मौत के कारणों की छानबीन में जुटी हुई है। सीडीओ कर्मी कानपुर का रहने वाला है और कई सालों से वह आगरा में रह रहा था।
मूलरूप से कानपुर के भावा नगर निवासी सीओडी के सीनियर ऑडिटर पुनीत चौहान (44 वर्ष) यहां साकेत कॉलोनी में विजय कुमार के घर में चार साल से किराए पर रहते थे। प्रथम तल पर बने दो कमरों में से एक में उनका सामान रखा था और दूसरे में बेडरूम था। गुरुवार शाम को उन्हें मकान मालिक ने घर में देखा था। शुक्रवार को दोपहर एक बजे एक परिचित महिला उनके घर पहुंची। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने खिड़की से अंदर देखा, तो पुनीत फंदे से लटका हुआ दिखा। महिला ने मकान मालिक को जानकारी दी, इसके बाद पुलिस को बुलाकर दरवाजा तोड़ा। पुनीत को फंदे से नीचे उतारा, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बेड पर सुसाइड नोट और मोबाइल रखा हुआ मिला। पुलिस ने इन्हें कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर शाहगंज विनय मिश्रा ने बताया कि पुनीत की पत्नी से अनबन चल रही थी। इसलिए वह यहां अकेले रहते थे। खुदकशी का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इसकी जानकारी के लिए मोबाइल की जांच की जाएगी।
जिंदगी से तंग होकर ये कदम उठा रहा हूं
खुदकशी से पहले पुनीत ने अपनी डायरी के पेज पर तीन पेज का सुसाइड नोट लिखा। इसमें लिखा था कि मैं अपनी जिंदगी से तंग होकर कदम उठा रहा हूं। मेरी मौत के लिए कोई और उत्तरदायी नहीं है। मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं।