Agra SSP, SPCity & Nagar Aayukt transferred, DC Dubey new SSP Agra
आगरालीक्स… आगरा के एसएसपी, एसपी सिटी और नगर आयुक्त का तबादला कर दिया गया है। आगरा के नए एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे बनाए गए हैं, एसएसपी डॉ प्रीतिंदर सिंह को नई तैनाती नहीं दी गई है, उन्हें प्रतीक्षारत रखा गया है।
बुधवार रात को बडे स्तर पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए गए। आगरा के एसएसपी डॉ प्रीतिंदर सिंह की जगह भर्ती बोर्ड में एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे को आगरा का एसएसपी बनाया गया है। एसपी सिटी सुशील घुले को हाथरस का तबादला किया गया है, उनकी जगह अनुपम सिंह को एसपी सिटी आगरा बनाया गया है। एएसपी अनुराग वत्स का भी तबादला कर दिया गया है। नगर आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लौटते ही तबादला,
बुधवार को आगरा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आए थे, उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर सीकरी और सदर थाने में पुलिस द्वारा की गई मारपीट के बारे में जानकारी दी थी, इसके बाद जेल में बंद तीन आरोपियों को एसएन इमरजेंसी में मेडिकल के लिए भेजा गया था, उनके हाथ में फ्रैक्चर होने पर प्लास्टर चढाया गया। शाम को अधिकारियों के तबादले की सूची आने लगी। इसमें आगरा के भी तीन पुलिस अधिकारी शामिल हैं। बडे स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं लेकिन एसएसपी आगरा डॉ प्रीतिंदर सिंह को नई तैनाती नहीं दी गई है।
यह था मामला
फतेहपुर सीकरी में पुलिस ने दो युवकों की तहरीर पर 20 अप्रैल को भाजपा और संघ पदाधिकारियों के खिलाफ डकैती और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। इस केस की वापसी के लिए 22 अप्रैल को भाजपा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर सीकरी थाना पर धरना प्रदर्शन किया। तभी बवाल हो गया। सीओ अछनेरा को थप्पड़ जड़ दिया गया। पुलिस ने पांच लोग हिरासत में ले रखे थे। उन्हें आगरा के सदर बाजार थाना भेज दिया। यहां भी कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने आरोप लगाया कि दरोगा की बाइक फूंकी गई, रिवाल्वर लूटी गई, हवालात तोड़ने की कोशिश की गई। मौके से नौ लोग हिरासत में लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में संगीन धाराओं में केस दर्ज किए। हिरासत में लिए 14 लोग जेल भेज दिए गए। शुरू में संघ और भाजपा नेता शांत रहे लेकिन 25 अप्रैल को पुलिस के खिलाफ खुलकर सामने आ गए। अब एक ही जिद पकड़ ली है कि अफसरों पर कार्रवाई करवानी है।