Agra administration to make Tajganj area garbage free
आगरालीक्स.. आगरा के एक बडे क्षेत्र को कूडा विहीन बनाया जाएगा, यह प्रयोग सपफल होने पर पूरे शहर को कूडा विहीन बनाया जाएगा, हर घर से सफाई कर्मचारी कूडा एकत्रित करेंगे।
जिला प्रशासन तथा नगर निगम आगरा द्वारा ताजगंज क्षेत्र में कूड़ा एकत्रित करने के लिए विशेष अभियान की शुरूआत की जायेगी। जिसके तहत सफाई कर्मचारी प्रतिदिन प्रत्येक घर से कूड़ा एकत्रित कर बड़े डस्टविन में लेकर बड़े डलाब घर तक पहुंचायेंगे। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी गौरव दयाल ने शिविर कार्यालय पर नगर आयुक्त इन्द्रविक्रम सिंह सहित विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो भी पर्यटक ताजमहल देखने आते हैं और उनके द्वारा ताजगंज भ्रमण के दौरान सड़कों पर बिखरे कचरे को देखकर ताजनगरी की सफाई व्यवस्था पर अच्छा संदेश नहीं जाता है। इसलिए ताजगंज क्षेत्र से इसकी शुरूआत की जायेगी और धीरे-धीरे पूरे महानगर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ताजगंज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था उच्च स्तर की करायी जायेगी। जिससे घरों के अन्दर से निकलने वाला कूड़ा-कचरा बाहर सड़कों-गलियों में नहीं दिखाई देगा। इसके अतिरिक्त दुकानदारों को भी कहा जायेगा कि वे अपने प्रतिष्ठान का कूड़ा एकत्रित करें, जिससे इधर-उधर न बिखरे।
20 अक्टूबर को आॅरिएंटेशन वर्कशॉप
जिलाधिकारी गौरव दयाल ने बताया कि 20 अक्टूबर को अपरान्ह 01 बजे ताजगंज क्षेत्र के नगर निगम इण्टर कालेज में एक आॅरिएंटेशन वर्कशाप का आयोजन किया जायेगा जिससे सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों तथा अधिकारियों को इस अभियान के बारे में विस्तार से बताया जायेगा। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि ताजगंज क्षेत्र को कूड़ा विहीन तथा पालीथिन मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए जो कर्मचारी हैं उन्हें पूर्ण रूप से सक्रिय किया जाये। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी भी लगायी जायेगी जो क्षेत्रवार सफाई की मॉनीटरिंग करेंगे। बैठक में उप नगर आयुक्त अनिल कुमार, अपर नगर मजिस्ट्रेट रोहित यादव, प्रभारी डीपीआरओ धनंजय जायसवाल सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
(इंटरनेट फोटो)